home page

उज्जैन: साइबर ठगी से खरीदा जाता था सोना, दिल्ली से पकड़ा गया इंजीनियर

 | 
उज्जैन: साइबर ठगी से खरीदा जाता था सोना, दिल्ली से पकड़ा गया इंजीनियर


उज्जैन, 03 जुलाई (हि.स.)। साइबर ठगी के रुपयों से सोना खरीदने के मामले की जांच के दौरान पुलिस की टीम ने एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दिल्ली में ही एक निजी कंपनी में ट्रेडिंग का काम करता है। आरोपी से पूछताछ में गिरोह के काम करने के तरीके और अन्य सदस्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। अब तक पांच की गिरफ्तारी हो चुकी है।

माधवनगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया ने शुक्रवार को बताया कि 18 जून को पुलिस ने सखीपुरा स्थित होटल हीरा पैलेस में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें नर्मदापुरम निवासी कशिश पुत्र सुनील, राहुल उर्फ शानू पुत्र अरुण तथा अनिमेश उर्फ अनुराग उर्फ अन्नी पुत्र अभय शामिल थे। जांच में सामने आया कि इन लोगों ने साइबर ठगी से हासिल रकम का इस्तेमाल उज्जैन के चार अलग-अलग ज्वेलर्स से सोना खरीदने में किया था। भुगतान क्यूआर कोड के माध्यम से किया गया था, जिससे ठगी की राशि को वैध लेनदेन का रूप दिया जा सके।

आरोपी कंप्यूटर साइंस में कर चुका है बीटेक

तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर एक टीम दिल्ली भेजी गई, जहां से प्रियांशु रंजन राय को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से सारणी का रहने वाला है और कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई कर चुका है।

पुलिस के अनुसार, वह वर्तमान में दिल्ली की एक निजी कंपनी में ट्रेडिंग का काम कर रहा था। पुलिस ने उसे 3 जुलाई तक रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि समाप्त होने पर उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, प्रियांशु रंजन राय से पहले गिरोह के शौकत को गोरखपुर से गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह साइबर ठगी के जरिए लोगों से रकम हड़पता था। इसके बाद उसी राशि को सीधे ज्वेलर्स के क्यूआर कोड पर ट्रांसफर कर सोना खरीदा जाता था। इस तरह ठगी की रकम को सोने के जरिए खपाने की कोशिश की जाती थी, जिससे धन का स्रोत छिपाया जा सके।

भोपाल में भी ज्वेलर्स के यहां हुआ था ट्रांजेक्शन

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह ने भोपाल में भी चार ज्वेलर्स के यहां साइबर ठगी की राशि से भुगतान कर सोना खरीदा था। इस खुलासे के बाद भोपाल पुलिस भी इस मामले में सक्रिय हो गई है। संभावना जताई जा रही है कि भोपाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए जल्द उज्जैन पहुंच सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल