home page

उज्जैनः सिटी उप डाकघर से 50 नई पासबुक चोरी के मामले में एजेंट के खिलाफ प्रकरण दर्ज

 | 
उज्जैनः सिटी उप डाकघर से 50 नई पासबुक चोरी के मामले में एजेंट के खिलाफ प्रकरण दर्ज


उज्जैन, 05 अगस्त (हि.स.)। उज्जैन के छत्री चौक स्थित सिटी उप डाकघर से 50 नई पासबुक गायब होने के मामले में पुलिस ने जांच पूरी होने के बाद बुधवार को डाकघर के एक एजेंट के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने एजेंट की तलाश तेज कर दी है।

खाराकुंआ थाना पुलिस ने बताया कि छत्रीचौक स्थित उप डाकघर की अलमारी में 9 जुलाई को 50 नई पासबुक रखी गई थीं। उप डाकपाल हरीश सोनी ने अलमारी खोलकर रिकॉर्ड का मिलान किया तो पासबुक वहां नहीं मिलीं। उप डाकपाल ने अपने स्तर पर भी पूरे मामले की पड़ताल की ताकि चोरी के पीछे जिम्मेदार व्यक्ति का पता लगाया जा सके। इसके बाद उन्होने खाराकुंआ थाना में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस जांच के दौरान यह बात सामने आई कि पासबुक चोरी में डाकघर से जुड़े किसी व्यक्ति की संलिप्तता हो सकती है। संदेह डाकघर में एजेंट के रूप में काम करने वाले पंकज मुखिया पर गया। बताया गया कि वह अलमारी खोलने का काम भी करता था और घटना के बाद से कई दिनों से डाकघर नहीं आ रहा था। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। खाराकुआ थाना पुलिस के अनुसार आरोपी के पकड़ में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी, जिससे यह पता चल सके कि उसने पासबुक किस मकसद से चोरी की और उन्हें कहां रखा है।

25 दिन बाद की थाने मे शिकायतउल्लेखनीय है कि पासबुक चोरी की घटना सामने आने के बाद शिकायत पुलिस तक पहुंचने में करीब 25 दिन का समय लगा। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया और साक्ष्यों के आधार पर डाकघर के एजेंट पंकज मुखिया को आरोपी बनाते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल