उज्जैन: घोड़ी चढ़ते ही दूल्हे पर दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज, फरार आरोपी की तलाश कर रही पुलिस
उज्जैन, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की बडऩगर तहसील मुख्यालय स्थित शिक्षक कॉलोनी में रहने वाला एक युवक दूल्हा बनकर रतलाम में बारात लेकर जाने ही वाला था। लेकिन घोड़ी पर चढ़ते ही पुलिस ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर लिया। साथ ही दुल्हन पक्ष को सच्चाई बताकर सचेत कर दिया। प्रकरण दर्ज होने के बाद से दूल्हा फरार है।
बडऩगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने गुरुवार को बताया कि शिक्षक कॉलोनी निवासी अभिषेक सेन का विवाह रतलाम जिले की एक युवती से तय हुआ था। पिछले कुछ दिनों से पारिवार में शादी की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी थी। बुधवार रात को अभिषेक सेन घोड़ी पर सवार होकर अपने घर से रतलाम के लिए निकल चुका था। पुलिस को जब इसकी जानकारी लगी तो तुरंत रतलाम में दुल्हन पक्ष से संपर्क कर अभिषेक की सच्चाई बताते हुए उसके खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज किए जाने की सूचना दी गई। शादी के एन वक्त पहले दूल्हे की हकीकत सामने आने के बाद दोनों पक्षों ने सहमति से शादी निरस्त कर दी।
धमकाकर किया था नाबालिग से दुष्कर्मपुलिस के अनुसार नाबालिग और आरोपी एक ही कॉलोनी में रहते हैं। गत 5 जनवरी को आरोपी उसके घर तब गया, जब वह अकेली थी। आरोपी ने उसे धमकाकर दुष्कर्म किया और किसी को बताने से मना किया। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पास्को एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया है।
नाबालिग ने गटका एसिडइसी बीच अभिषेक की शादी रतलाम में तय हो गई। पीडि़ता को जब इसकी जानकारी मिली तो उसने 6 अप्रैल को एसिड पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। 8 अप्रैल को उपचार के दौरान नाबालिग के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। परिजनों ने जब नाबालिग से इस संबंध में पूछताछ की तो पीडि़ता ने पूरी घटना बताई।
रास्ते से ही दूल्हा हो गया फरारपीडि़ता के परिजन जब शिकायत लेकर बडऩगर थाना पुलिस के पास पहुंचे तो पुलिस ने दुल्हन पक्ष को मामले की जानकारी देकर सतर्क कर दिया। दूल्हे को जब पता चला की पुलिस ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है तो वह फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि वह रतलाम पहुंचने से पहले ही रास्ते में कहीं गायब हो गया। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

