उदयपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सर्चिंग में कुछ नहीं मिला
उदयपुर, 30 मार्च (हि.स.)। उदयपुर जिला एवं सेशन कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार सुबह हड़कंप मच गया। जिला एवं सेशन न्यायाधीश के कार्यालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर सुबह 6:32 बजे एक धमकी भरा संदेश मिला, जिसमें दोपहर 1 बजे कोर्ट परिसर में पांच स्थानों पर विस्फोट करने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट हो गईं।
घटना के समय सोमवार होने के कारण कोर्ट परिसर में वकीलों, मुवक्किलों और अन्य लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली कराया। सुरक्षाकर्मियों ने कोर्ट रूम, बरामदों और कैंटीन सहित सभी स्थानों को खाली करवा दिया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड, एटीएस और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीमों ने कोर्ट परिसर के हर हिस्से—कमरों, पार्किंग, कैंटीन और आसपास के क्षेत्र—की गहन जांच की। पूरे इलाके को घेरकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। लंबे समय तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन और लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

