home page

टीजीटी परीक्षा में मूल परीक्षार्थी के स्थान पर बैठकर परीक्षा देने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

 | 
टीजीटी परीक्षा में मूल परीक्षार्थी के स्थान पर बैठकर परीक्षा देने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार


वाराणसी, 20 जून (हि. स.)। जिले में लहुराबीर स्थित पीएमश्री क्वींस इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य की तहरीर पर चेतगंज थाना में उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा आयोजित टीजीटी परीक्षा में मूल परीक्षार्थी के स्थान पर बैठकर परीक्षा देने वाले गिरोह के विरुद्ध दर्ज मुकदमा में धीरेंद्र कुमार और गिरिजा शंकर को शनिवार को चेतगंज थाना की पुलिस ने चौकाघाट के पास से गिरफ्तार किया।

चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि टीजीटी परीक्षा में मूल परीक्षार्थी के स्थान पर बैठकर परीक्षा देने वाले अमृतराज व उसके सहयोगी छोटू कुमार और नितीश कुमार व दौलत कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना में प्रकाश में आये बलिया के भिन्डकुन्ड निवासी धीरेन्द्र कुमार और बलिया के ही रहने वाला गिरिजा शंकर को सर्विलांस की मदद से चौकाघाट से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपितों से पूछताछ में मालूम हुआ कि आसानी से धन कमाने की चाह में प्रतियोगी परीक्षा में वे सभी सेटिंग धांधली कराने का कार्य करते रहे हैं। प्रतियोगी छात्रों से सम्पर्क कर उनका सेलेक्शन कराने के नाम पर नगद राशि खाते में ली जाती थी। उसके बाद का सारा काम नितीश कुमार व दौलत कुमार का होता था। जिनको पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार किया है।

वही, आरोपितों की गिरफ्तारी करने में अहम भूमिका निभाने वाली टीम में उपनिरीक्षक विकल शाण्डिल्य चौकी प्रभारी लहुराबीर, उपनिरीक्षक वैभव शुक्ला चौकी प्रभारी चेतगंज, कांस्टेबल रितिक राज थाना चेतगंज, कांस्टेबल अनुज कुमार थाना चेतगंज, कांस्टेबल प्रशान्त तिवारी सर्विलांस सेल को शाबाशी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद