ककोरा तोड़ने गए दो युवक आसन नदी के स्टॉप डेम में डूबे, एसडीईआरएफ ने निकाले शव
मुरैना, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में वर्षा ऋतु में जंगल में मिलने वाली ककोरा सब्जी तोड़ने गए दो युवक बुधवार को आसन नदी पर बने स्टॉप डेम के गहरे पानी में डूब गए। करीब 20 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद गुरुवार सुबह एसडीईआरएफ दल ने दोनों के शव पानी से बाहर निकाल लिए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मुरैना जिले के माताबसैया थाना क्षेत्र में हुराई पुरा स्थित भुमियां मंदिर के समीप आसन नदी पर स्टॉप डेम बना हुआ है। बुधवार को रिठौरा थाना क्षेत्र के कुंअरपुर गांव निवासी इरशाद, अशोक खान और मुकेश खान ककोरा तोड़ने के लिए यहां पहुंचे थे। ककोरा तोड़ते समय इरशाद और अशोक स्टॉप डेम के दूसरी ओर चले गए।
बताया गया कि वापस लौटते समय इरशाद का पैर स्टॉप डेम की दीवार से फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। उसे डूबता देखकर अशोक ने तौलिया के सहारे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते दोनों युवक पानी में डूब गए।
स्टॉप डेम के दूसरी ओर मौजूद मुकेश खान ने घटना देखी और तत्काल परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी। इसके बाद माताबसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीईआरएफ दल की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई। देर रात तक अभियान चलने के बावजूद दोनों का पता नहीं चल सका।
गुरुवार सुबह करीब सात बजे दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया। लगभग दो घंटे की तलाश के बाद एसडीईआरएफ दल ने गहरे पानी से दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुरैना जिला चिकित्सालय पहुंचाया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
बताया गया है कि एक दिन पहले आसन नदी पर बने कोतवाल बांध के ओवरफ्लो होने के बाद उसके कुछ गेट खोल दिए गए थे। इसके चलते आसन नदी में पानी का प्रवाह बढ़ गया था और संबंधित स्टॉप डेम में भी पानी का स्तर काफी बढ़ गया। इसी दौरान दोनों युवक गहरे पानी की चपेट में आ गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

