home page

बांदा में दो युवकों ने फांसी लगाकर दी जान

 | 

बांदा, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बिसंडा और चिल्ला थाना क्षेत्रों में रविवार को दो युवकों ने अलग-अलग स्थानों पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों ही युवक हाल ही में सूरत से कमाकर अपने गांव लौटे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों घटनाओं से परिवारों में कोहराम मचा है।

बिसंडा थाना क्षेत्र के अजीत पारा गांव निवासी 35 वर्षीय राजू पुत्र मातादीन ने रविवार दोपहर खेत में लगे आंवला के पेड़ पर रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर बाद वहां पहुंचे चरवाहों ने शव को फंदे से लटकता देखा और परिजनों को सूचना दी। मृतक के भाई रामबरन ने बताया कि राजू शराब पीने का आदी था। नशे में घर आने पर उसका अक्सर पत्नी से विवाद होता था। शनिवार को भी शराब पीकर घर पहुंचने पर पत्नी से कहासुनी हुई थी। इसी से नाराज होकर वह घर से खेत चला गया और वहां फांसी लगा ली। राजू तीन दिन पहले ही सूरत से कमाकर घर लौटा था। वह अपने पीछे पत्नी शीला, दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गया है।

उधर, चिल्ला थाना क्षेत्र के डिघवट गांव में 30 वर्षीय इंद्रपाल पुत्र रामप्रताप ने घर के कमरे में छप्पर की धन्नी से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। चाचा रविकरन ने बताया कि रविवार सुबह घर पर वह अकेला था। जब वह चक्की से आटा लेकर लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलकर देखा तो इंद्रपाल का शव फंदे पर लटक रहा था।

परिजनों के अनुसार इंद्रपाल की पत्नी करीब पांच माह पहले किसी दूसरे युवक के साथ चली गई थी, जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा और शराब का आदी हो गया था। शनिवार शाम भी उसने नशे की हालत में दादी प्रेमा और चाचा से विवाद किया था तथा फांसी लगाने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय परिजनों ने उसे बचा लिया था। रविवार सुबह उसने दोबारा फांसी लगाकर जान दे दी। इंद्रपाल भी करीब एक पखवाड़े पहले सूरत से गांव लौटा था। वह खेती करता था और उसके पास लगभग दस बीघा जमीन थी। बचपन में माता-पिता की मृत्यु के बाद उसका पालन-पोषण दादी प्रेमा ने किया था। वह अपने पिता की इकलौती संतान था। परिवार उसकी दूसरी शादी कराने की तैयारी कर रहा था, लेकिन पत्नी के चले जाने का सदमा वह नहीं झेल सका। अपने पीछे वह एक बेटी पल्लवी को छोड़ गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह