home page

पूर्व विधायक की गाड़ी में पथराव करने वाले दो युवक गिरफ्तार, एक फरार

 | 
पूर्व विधायक की गाड़ी में पथराव करने वाले दो युवक गिरफ्तार, एक फरार


कानपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक मुनीन्द्र शुक्ला की गाड़ी में देर रात बाइक सवार युवकों ने पथराव कर दिया। इससे उनकी गाड़ी का पीछे का शीशा टूट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और सीसीटीवी की सहायता से दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि तीसरे की तलाश जारी है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने शनिवार को बताया कि बिठूर विधानसभा के पूर्व सपा विधायक मुनींद्र शुक्ला शुक्रवार देर रात शादी समारोह से लौट रहे थे। तभी ट्रैफिक जाम में फंसे बाइक सवार तीन युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। इसी बीच एक लड़के ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया, जिससे उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त हुई विधायक की गाड़ी को जाम से बाहर निकलवाया थाने ले जाकर उनसे लिखित तहरीर ली।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला और फुटेज के आधार पर हमला करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ही युवक बिठूर थाना क्षेत्र के रहने वाले अंबर दीक्षित और ऋषभ यादव हैं। जबकि उनका तीसरा साथी मौके से फरार है। दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप