बालको प्लांट में कॉपर केबल चोरी, शरीर पर तार लपेटकर ले जा रहे दो युवक गिरफ्तार
कोरबा, 17 नवम्बर (हि. स.)। बालको प्लांट में कॉपर केबल चोरी करने के मामले में बालकोनगर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने चोरी का अनोखा तरीका अपनाते हुए कॉपर केबल को अपने शरीर पर कमर से ऊपर तक लपेट लिया था और ऊपर से कपड़े पहनकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, प्रोजेक्ट गेट पर तैनात सुरक्षा गार्डों की सतर्कता से दोनों पकड़े गए। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 49.280 किलोग्राम कॉपर केबल बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 49 हजार 280 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनीष विश्वास ने थाना बालकोनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 नवंबर 2026 को बालको प्लांट के प्रोजेक्ट गेट के पास दो युवकों को कॉपर केबल ले जाते हुए पकड़ा गया है। पकड़े गए युवकों की पहचान भीम मल्लाह (23 वर्ष), निवासी पथर्रीपारा, थाना सिविल लाइन रामपुर और नरेश कुमार कंवर (21 वर्ष), निवासी भटगांव उपरपारा, थाना बालकोनगर के रूप में हुई।
जांच में पता चला कि दोनों आरोपितों ने 15 नवंबर की रात 10 बजे से 16 नवंबर की सुबह 5 बजे के बीच बालको प्लांट में CH-04 के सामने खुले में रखे केबल ड्रम से कॉपर केबल काटी थी। इसके बाद केबल के ऊपर लगे प्लास्टिक हिस्से को छीलकर तांबे के तार को अपने शरीर पर लपेट लिया और ऊपर से कपड़े पहनकर बाहर निकलने लगे। इसी दौरान सुरक्षा गार्ड संदीप श्रीवास्तव और मुकेश बरेठ ने उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर पकड़ लिया।
घटनास्थल की जांच के दौरान केबल काटे जाने की पुष्टि हुई। वहीं, पास की बिल्डिंग के ऊपर केबल का निकाला गया प्लास्टिक हिस्सा भी मिला। आरोपितों के पास से बरामद कॉपर केबल का वजन 49.280 किलोग्राम पाया गया। चोरी की केबल AIFL कंपनी की होने की पुष्टि कंपनी के अधिकृत अधिकारी सभ्यसाची परिडा ने भी की।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अपराध क्रमांक 678/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 61(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद रिमांड के लिए आज न्यायालय में पेश किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

