home page

रंग लगाने के मामूली विवाद में दो युवकाें की हत्या

 | 
रंग लगाने के मामूली विवाद में दो युवकाें की हत्या


जगदलपुर, 08 मार्च (हि.स.)। बस्तर जिले के थाना नगरनार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कलचा में आयोजित मेले के दौरान शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 3 युवकों और नाबालिग ने मिलकर धारदार हथियारों से 2 युवकों की निर्मम हत्या कर दी।

नगरनार थाना प्रभारी संताेष सिंह से रविवार काे मिली जानकारी के अनुसार चार युवकों के बीच विवाद उस समय शुरू हुआ जब उनमें से एक युवक की प्रेमिका को बिना अनुमति रंग-गुलाल लगा दिया गया। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। घटना में साड़गुड़ निवासी उमेश बघेल और रोहित बघेल को गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मामले काे विवेचना में लिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि बीती रात कलचा में दो युवकों के घर में गांव के ही चार युवक गुलाल लगाने पहुंचे। गुलाल लगाने पर विवाद बढ़ गया। चारों युवकों ने अपने पास रखे चाकू से दोनों युवक उमेश बघेल 23 वर्ष निवासी निवासी साड़गुड़ आ व रोहित बघेल 17 वर्ष निवासी साड़गुड़ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों ने नगरनार पुलिस को दी। पुलिस ने रात में ही टीम तैयार कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। रात में ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, विवेचना जारी है। पुलिस ने शवों काे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे