राजगढ़ में दो युवकों की संदिग्ध मौत, पुलिस ने जांच शुरू की
राजगढ़, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पहला मामला ब्यावरा थाना क्षेत्र के भंवरगंज मोहल्ले का है। यहां 21 वर्षीय सोनू पुत्र नंदसिंह शाक्यवार का शव शनिवार सुबह कमरे में मिला। वह परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।
दूसरी घटना खिलचीपुर थाना क्षेत्र की गायत्री कॉलोनी की है। यहां 20 वर्षीय शिवम पुत्र मनीष शर्मा मृत अवस्था में मिला। बताया गया है कि वह मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था और अधिकतर समय अपने कमरे में पढ़ाई करता था। कमरे से कुछ लिखे हुए शब्द मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

