प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ दो युवक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 5 जून (हि.स.)। नक्सलबाड़ी थाना पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान सूरज शर्मा और सुजय पाल के रूप में हुई है। दोनों नक्सलबाड़ी के स्टेशन पाड़ा इलाके के निवासी बताए गए है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात स्थानीय लोगों ने नक्सलबाड़ी थाना को सूचना दी कि एक मादक पदार्थ के अड्डे से दो युवक बाहर निकल रहे है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नक्सलबाड़ी के बेंगाइजोत स्थित एशियन हाईवे पर अभियान चलाकर दोनों युवकों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से 13-13 बोतल, कुल 26 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को शुक्रवार सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

