ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 29 सितंबर (हि.स.)। सिलीगुड़ी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 700 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ मालदा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और न्यू जलपाईगुड़ी थाना की एंटी क्राइम विंग ने संयुक्त रूप से की है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सनाउल शेख और मोहम्मद राशिदुल हक के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार देर रात कावाखाली-पोड़ाझाड़ इलाके में अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे दोनों युवकों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास मौजूद एक बैग से करीब 700 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये है।
न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपित मालदा से मादक पदार्थ लेकर सिलीगुड़ी पहुंचे थे। सिलीगुड़ी में यह खेप किसे सौंपनी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए दोनों से पूछताछ की जा रही है।
दोनों आरोपितों को मंगलवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

