home page

2.5 किलो गांजे के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार

 | 
2.5 किलो गांजे के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार


कानपुर, 17 मार्च (हि.स.)। जनपद की किदवई नगर थाना पुलिस ने ऑपरेशन दहन के तहत दो महिला तस्करों को एक किलो 350 ग्राम व एक किलो 150 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया, जिसकी कीमत लाखों रुपये में आंकी गई है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर मंगलवार को की गई कार्रवाई में दोनों आरोपितों को अलग-अलग स्थानों से दबोचा गया।

शहर में तेजी से फैल रहे अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से अभियान जारी है। मुखबिर की सटीक सूचना पर किदवई नगर निवासी पूनम को उस्मानपुर से गोविंद भवन की ओर जाने वाली सड़क से एक किलो 350 ग्राम गांजे और झाड़ीपुरवा चौराहा स्थित ट्रांसफार्मर के पास से ज्ञानवती को एक किलो 150 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा गया।

दोनों मामलों में थाना किदवई नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं और आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाएं क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय थीं और इनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक “ऑपरेशन दहन” के तहत कई तस्करों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप