home page

17.8 किलो गांजा के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार

 | 
17.8 किलो गांजा के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार


गोरखपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बेलीपार पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 17.861 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे को कब्जे में लेकर दोनों आरोपिताें के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपिताओं की पहचान रीना निषाद पत्नी जीवन भारती, निवासी अमरूद मंडी चकरा अव्वल, थाना राजघाट, गोरखपुर और फुलझड़ी देवी पत्नी जयराम निषाद, निवासी ग्राम लक्ष्मणपुर, थाना चौरीचौरा, गोरखपुर, हाल पता अमरूद मंडी चकरा अव्वल, थाना राजघाट, गोरखपुर के रूप में हुई है।

अपराधों पर अंकुश लगाने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलीपार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दोनों महिलाओं को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 17.861 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

बरामदगी के बाद दोनों आरोपिताओं को हिरासत में लेकर थाना बेलीपार लाया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेते हुए दोनों के खिलाफ थाना बेलीपार में मु0अ0सं0 212/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। इसके अलावा आरोपिताओं के संपर्क में रहे अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

थाना प्रभारी ने रविवार काे बताया कि अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय