भ्रमित कर जेवर चोरी करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार, लॉकेट व कान के झाले बरामद
गोरखपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खजनी पुलिस ने चोरी के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से चोरी किया गया एक लॉकेट तथा पीली धातु के दो कान के झाले बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी करते हुए दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक खजनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। थाना खजनी में दर्ज मु0अ0सं0 292/2026 से संबंधित अभियुक्ता कबीरू पत्नी अब्दुलाह तथा रूकशाना पत्नी सफीक आलम को गिरफ्तार किया गया।
बताया गया कि 10 सितंबर 2026 को दोनों अभियुक्ताओं ने कथित रूप से वादिनी को भ्रमित कर उसका एक लॉकेट तथा दो कान के झाले चोरी कर लिए थे। घटना के संबंध में तहरीर मिलने पर थाना खजनी में धारा 318(4), 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच और कार्रवाई के दौरान दोनों महिलाओं को गिरफ्तार करते हुए चोरी के आभूषण बरामद कर लिए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान कबीरू पत्नी अब्दुलाह निवासी हरिहरपुर टोला जैतुआन, थाना बांसगांव, गोरखपुर तथा रूकशाना पत्नी सफीक आलम निवासी हरिहरपुर टोला नटुआन, थाना बांसगांव, गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में निरीक्षक दीनानाथ सरोज, उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक वारिस अली, कांस्टेबल आशुतोष पाण्डेय, कांस्टेबल सावन गौड़, कांस्टेबल आकाश सिंह, महिला आरक्षी मिहारिका राना तथा महिला आरक्षी अंकिता गुप्ता शामिल रहे।
थाना प्रभारी ने शुक्रवार काे बताया कि गिरफ्तार अभियुक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

