अजमेर रेलवे स्टेशन पर सोने की चेन तोड़ने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार
अजमेर,17 अगस्त(हि.स.)।अजमेर रेलवे स्टेशन पर भीड़ का फायदा उठाकर महिला के गले से सोने की चेन तोड़कर फरार हुई दो महिला आरोपियों को जीआरपी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को मध्यप्रदेश की जेल से गिरफ्तार किया है। फिलहाल चोरी की चेन बरामद नहीं हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। जीआरपी के एएसआई छीतरमल ने बताया कि वारदात 13 जून 2026 को हुई थी। अजमेर से चेन्नई जाने के लिए ट्रेन में सवार होते समय राधा नाम की महिला के गले से भीड़ का फायदा उठाकर दो महिलाओं ने सोने की चेन तोड़ ली थी। मामले में महिला के भाई पाली निवासी श्यामलाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच के लिए टीम गठित कर रेलवे
स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों महिलाओं की पहचान की और उनके मध्यप्रदेश की जेल में होने की जानकारी मिलने के बाद वहां से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आगरा निवासी वर्षा उर्फ कमलेश (45) पत्नी वामन और सपना (35) पत्नी देव के रूप में हुई है। दोनों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की चेन बरामद करने के प्रयास में जुटी है। साथ ही दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

