गले से सोने की चेन खींचने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार
हाथरस, 18 अगस्त (हि.स.)। सादाबाद क्षेत्र में सहपऊ कस्बे के प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर से सोने की चेन खींचने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार काे दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई चेन भी बरामद कर ली है।
पुलिस उपाधीक्षक जेएन अस्थाना ने बताया कि सोमवार को सादाबाद के मोहल्ला गंगानगर निवासी वंदना अग्रवाल पत्नी अनिल अग्रवाल अपने परिवार के साथ मां भद्रकाली मंदिर दर्शन करने आई थीं। दर्शन के दौरान दो महिलाओं ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली। वंदना अग्रवाल ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ चेन खींचने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को मंदिर परिसर में पहले से ही पुलिस बल तैनात रहता है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मंदिर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज खंगालने पर दो महिलाएं पीड़ित के गले से चेन खींचती हुई दिखाई दीं। सीसीटीवी फुटेज में एक महिला चेन खींचकर अपने साथ चल रही दूसरी महिला को देती हुई भी कैद हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान काजल पत्नी सुखवीर निवासी हसनपुर, थाना नौहझील, जनपद मथुरा और रेशमा पत्नी सैनपुर निवासी सैनपुर, थाना रूपवास, जनपद भरतपुर, राजस्थान के रूप में बताई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

