भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ भाभी-ननद गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के विश्वास कॉलोनी में पुलिस ने शनिवार को मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों रिश्ते में भाभी-ननद बताई जा रही हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 283 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विश्वास कॉलोनी में रेलवे लाइन के पास स्थित एक मकान में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद माटीगाड़ा पुलिस ने इलाके में निगरानी शुरू की और शनिवार को संबंधित मकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान 283 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रेहाना बेगम (30) और मल्लिका खातून (30) के रूप में हुई है। आरोप है कि दोनों पुराना लोहा और कबाड़ के कारोबार की आड़ में मादक पदार्थों का धंधा चला रही थी।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। रविवार को दोनों आरोपितों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

