राजगढ़ःदो महिलाओं ने उठाया आत्मघाती कदम, परिजनों की सतर्कता से बची जान
राजगढ़, 08 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा क्षेत्र में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया गया। दोनों ही मामलों में परिजनों की समय रहते सजगता से उनकी जान बच गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम जेपला में 30 वर्षीय कमलाबाई ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में पंखे से आत्मघाती प्रयास किया। तभी उसकी बेटी ने उसे असामान्य स्थिति में देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत महिला को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। बताया गया कि महिला के पति को घटना की जानकारी मिलते ही वह भी अस्पताल पहुंच गया। घटना के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
दूसरी घटना देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम बांईहेड़ा की है, जहां 28 वर्षीय रवीना ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिवारजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय राजगढ़ रेफर किया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस मामले में भी कारणों की जांच जारी है।पुलिस दोनों प्रकरणों में परिस्थिति और कारणों की पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

