कार से 38.95 ग्राम चिट्टे और 5 सिरिंज के साथ दो युवक धरे
नाहन, 03 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत सिरमौर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला के राजगढ़ पुलिस थाना की डिटेक्शन सेल ने गिरीपुल क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार से 38.95 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने कार सवार दो युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस को मिली एक सटीक और गोपनीय सूचना के आधार पर अमल में लाई गई। जानकारी के अनुसार राजगढ़ पुलिस की डिटेक्शन सेल के अन्वेषण अधिकारी मुख्य आरक्षी रविदत्त अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान टीम मादक पदार्थों की रोकथाम और संदिग्ध वाहनों की औचक चेकिंग कर रही थी। इसी बीच पुलिस को एक मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली कि एक कार, जिसका नंबर HP-63B-8448 है, उसमें सवार दो व्यक्ति भारी मात्रा में चिट्टा लेकर गिरीपुल से जुन्गा की तरफ जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई की और गिरीपुल पुल के समीप मजबूत नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में वहां पहुंची संदिग्ध कार को पुलिस ने जांच के लिए रोक लिया। कानून के नियमों के तहत जब वाहन की गहन तलाशी ली गई, तो कार की पिछली सीट पर बैठे युवक के पैरों के पास एक काले रंग का बैग बरामद हुआ। जब पुलिस ने उस बैग की तलाशी ली तो उसकी एक जेब से पारदर्शी पॉलिथीन पाउच में छिपाकर रखी गई 38.95 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके साथ ही बैग से 5 इस्तेमाल की हुई इंसुलिन सिरिंज भी बरामद की गईं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि आरोपी खुद भी नशे के आदी हैं।
पुलिस ने प्रतिबंधित पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरीश चौहान (31 वर्ष) पुत्र निवासी गांव सेरगाता, डाकघर कोटी, तहसील जुन्गा, जिला शिमला और आकाशदीप उर्फ दीपू (25 वर्ष) निवासी गांव ओईली, डाकघर कोटला, जिला सोलन के रूप में हुई है।
डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह खेप कहाँ से लाए थे और इसे आगे कहाँ सप्लाई किया जाना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

