रायपुर : दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपित गिरफ्तार, 11 वाहन बरामद
रायपुर, 19 मार्च (हि.स.)। रायपुर पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए थाना खम्हारडीह पुलिस ने गुरुवार को 2 शातिर आरोपितों एवं 1 अवैध चाबी निर्माता को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के कब्जे से कुल 11 नग दोपहिया वाहन जब्त किये गये हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 4,40,000 है। आरोपितों द्वारा अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। आरोपितों की निशानदेही पर 11 दोपहिया वाहन बरामद किया गया है। थाना खम्हारडीह में 1 प्रकरण में धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
19 मार्च 2026 को थाना खम्हारडीह पुलिस को सूचना मिली कि, कचना स्थित शराब दुकान के पास कुछ व्यक्ति दोपहिया वाहन को बेचने की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा एवं थाना प्रभारी खम्हारडीह डॉ. मानसी नानाभाऊ साकोरे (भा.पु.से.) के निर्देशन में टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपितों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तथा वाहन के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये गये। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपितों ने वाहन चोरी करना स्वीकार किया। आरोपित के परिचित पुराने चोरों के साथ में वाहनों का अवैध तरीके से आसानी से चाबी बनाने वाले मोवा वाले शेख स्वालेह से चोरी हुई गाड़ियों की चाबी बनाना बताया। आरोपितों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से कुल 11 नग दोपहिया वाहन आरोपितों के कब्जे से जब्त किये गये है। गिरफ्तार आरोपितों में कुलदीप गेंडरे उर्फ जानू, निवासी जिला बलौदाबाजार, करण साहू उर्फ बाका, निवासी कचना, रायपुर, शेख स्वालेह, निवासी मोवा, रायपुर शामिल है। थाना खम्हारडीह में 1 नग वाहन के संबंध में धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। शेष बरामद वाहनों के संबंध में पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

