नोएडा: दो युवकों की लाश मिली, संदिग्ध हालात में अधेड़ की मौत
नोएडा, 11 जुलाई (हि.स.)। नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर दो युवकों समेत तीन लोगों की लाश मिली। मृतकों की दो लोगों की पहचान न होने पर पुलिस ने अज्ञात में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना एक्सप्रेस-वे के प्रभारी अमित खारी ने शनिवार को बताया कि थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला है। मौत के कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी तरह दादरी थानाक्षेत्र में एक 40 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा ने बताया किउन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों की सहायता से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा।
इसके अलावा थाना बीटा-दो क्षेत्र में रहने वाले अधेड़ की लाश मिली है। मृतक की पहचान राम भवन राय (54) के रूप में हुई है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि युवक की मौत संदिग्ध लग रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

