home page

राजगढ़ः दो ट्रकों से 120 मवेशी मुक्त, चालक-क्लीनर गिरफ्तार, वाहन भी जब्त

 | 
राजगढ़ः दो ट्रकों से 120 मवेशी मुक्त, चालक-क्लीनर गिरफ्तार, वाहन भी जब्त


राजगढ़, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर थाना पुलिस ने सोमवार की रात सर्विस रोड पर दो ट्रकों को पकड़कर उनमें ठूंस-ठूंसकर भरे गए कुल 120 मवेशियों को मुक्त कराया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों ट्रकों को जब्त कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए मवेशियों में 85 भैंसें और 35 भैंसों के बच्चे शामिल हैं।

थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को बताया कि बीती रात गश्त एवं वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुठालिया की ओर से दो ट्रकों में बड़ी संख्या में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रेलवे तिराहा के समीप सर्विस रोड पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्ध ट्रकों को रोक लिया। जांच में पहले ट्रक एमपी-09 एचएच-8606 से 41 भैंसें और 22 भैंसों के बच्चे, कुल 63 मवेशी बरामद हुए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि ट्रक की कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई गई।

इस मामले में चालक गब्बर कुरेशी निवासी मथुरा तथा क्लीनर हलीम कुरेशी निवासी सिरोंज को गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे ट्रक एमपी-06 जेडडी-9685 की तलाशी में 44 भैंसें और 13 भैंसों के बच्चे, कुल 57 मवेशी मिले। इनकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत लगभग 30 लाख रुपए बताई गई। इस वाहन के चालक गौरव ठाकुर निवासी आगरा और क्लीनर वसीम कुरेशी निवासी सिरोंज को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस ने दोनों मामलों में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर ट्रकों एवं मवेशियों को जब्त कर लिया है। जब्त वाहनों को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है, जबकि पशुओं का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उनके संरक्षण की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक