home page

अनूपपुर: अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर जब्त, चालक गिरफ्तार

 | 
अनूपपुर: अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर जब्त, चालक गिरफ्तार


अनूपपुर, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की फुनगा चौकी पुलिस ने शुक्रवार को दो अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर अवैध रेत ले जा रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया। इस कार्रवाई में करीब 12 लाख रुपए से ज्यादा का माल पकड़ा गया है।

पहली कार्रवाई गोडारू नदी इलाके में हुई, जहां ग्राम छिल्पा की तरफ आ रहे एक ट्रैक्टर को रोका गया। ड्राइवर कोमल पाव रेत से जुड़े कोई भी कागजात नहीं दिखा सका, जिसके बाद 5 लाख 3 हजार रुपए की संपत्ति जब्त कर ली गई।

पहली कार्रवाई के कुछ ही घंटों बाद पुलिस को दूसरी खबर मिली। इस बार कठना नदी क्षेत्र से ग्राम बम्हनी की ओर जा रहे एक और ट्रैक्टर को घेरा गया। इसका ड्राइवर विक्रम सिंह भी बिना किसी रॉयल्टी या दस्तावेज के रेत ले जा रहा था। पुलिस ने इस ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित करीब 7 लाख 3 हजार रुपए का माल जब्त किया। खास बात यह है कि पकड़े गए दोनों ड्राइवर ही इन वाहनों के मालिक निकले।

फुनगा पुलिस की इस सख्ती से इलाके के खनिज माफियाओं में खौफ का माहौल है। दो दिन पहले भी पुलिस ने रेत चोरी के आरोप में तीन ट्रैक्टर जब्त किए थे। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), मोटर वाहन अधिनियम और खान एवं खनिज अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला