रेत का अवैध खनन कर परिवहन करते हुये दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी
मुरैना, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की मुरैना पुलिस को गुरूवार सुबह बड़ी सफलता मिली है। राष्ट्रीय चम्बल घडिय़ाल अभ्यारण्य से प्रतिबंध के बावजूद रेत का खनन कर परिवहन करने वाले दो ट्रैक्टर ट्राली पुलिस ने पकड़ लिये। दोनों वाहनों के चालकों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज करते हुये गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा वाहन राजसात करवाने के लिये कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीणा के निर्देश पर जिले में अवैध रेत और पत्थर के परिवहन, उत्खनन एवं भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर एवं एसडीओपी जौरा नितिन बघेल के मार्गदर्शन में देवगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
गुरूवार सुबह मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग लगाई। इस दौरान अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए। जांच के दौरान ट्रॉली में भरी रेत के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज अवैध परिवहन एवं भंडारण निवारण अधिनियम 2006 की धारा 18(1) तथा खान अधिनियम 1952 की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयपाल सिंह गुर्जर सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

