home page

कायमगंज चोरी का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
कायमगंज चोरी का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार


फर्रुखाबाद,20 अप्रैल( हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के पटवन गली स्थित साईं मंदिर के पास हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सोमवार खुलासा कर दिया। इस मामले में चोरी का सामान बरामद करते हुए पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

कायमगंज कोतवाल विनोद शुक्ला ने बताया कि पटवन गली निवासी बृजेश शर्मा ने अपने घर में चोरी होने के संबंध में थाने में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सौरभ उर्फ अंशु पुत्र अनुज गंगवार और कार्तिक गंगवार पुत्र अजय निवासीगण पटवन गली साईं मंदिर के पास को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी का माल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि बृजेश शर्मा अपने परिवार के साथ किसी पार्टी में गए हैं। इसी का फायदा उठाकर दोनों ने रात के समय मकान की छत के रास्ते अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद दोनों ने सामान आपस में बांट लिया और उसे बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar