home page

अजमेर में दो आत्महत्या के प्रयास, पुलिस की तत्परता से दोनों की जान बची

 | 
अजमेर में दो आत्महत्या के प्रयास, पुलिस की तत्परता से दोनों की जान बची




अजमेर, 9 अप्रैल (हि.स.)। अजमेर में गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर आत्महत्या के दो प्रयास सामने आए, जहां पुलिस और आमजन की तत्परता से दोनों व्यक्तियों की जान बचा ली गई।

अलवरगेट थाना क्षेत्र के आम का तालाब निवासी नरेश चंद ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे आग लगाने से पहले ही पकड़ लिया और समझाइश कर शांत किया। बाद में उसे उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिजनों के अनुसार, नरेश चंद अपनी 18 वर्षीय बेटी की नवंबर 2025 में हुई आत्महत्या के बाद से मानसिक तनाव में थे। उनका आरोप है कि उनकी बेटी को एक युवक द्वारा परेशान किया जा रहा था, जो उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। इस संबंध में पुलिस में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से वे आहत थे और न्याय की मांग को लेकर लगातार प्रयासरत थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

इधर एक अन्य घटना में पंचशील क्षेत्र के एक बुजुर्ग ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर आनासागर झील में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अलवरगेट थाना पुलिस के कांस्टेबल मानसिंह ने तत्काल झील में कूदकर बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर कृष्णगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद जवाहरलाल नेहरू अस्पताल भिजवाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष