home page

(अपडेट) मुकुंदपुर में दो मंजिला इमारत ढही, दस घायल, 84 गैस सिलेंडर बरामद, दो गिरफ्तार

 | 

नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी जिले के मुकुंदपुर स्थित ईशु विहार में मंगलवार दोपहर को संदिग्ध गैस सिलेंडर विस्फोट के बाद दो मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में 10 लोग घायल हो गए, जबकि छह लोग झुलस भी गए। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल, एनडीआरएफ, एफएसएल और क्राइम टीम मौके पर पहुंच गई। कई घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका से इनकार किया गया है।

उत्तर-पश्चिमी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी के अनुसार मंगलवार को भलस्वा डेयरी थाने में सूचना मिली कि ईशु विहार की गली नंबर-1 में एक दो मंजिला इमारत गिर गई है और कई लोग मलबे में दबे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और इमरजेंसी रिस्पांस वाहन (ईआरवी) की मदद से घायलों को तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में चंदन, कल्पना, श्याम, विवेक और सोफिया खातून को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दीपा, अमन, अखिलेश उर्फ लंबू, लव और आरिफ को बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से झुलसी दीपा को बाद में सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य झुलसे लोगों को एलएनजेपी और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जांच के दौरान पुलिस को मौके से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिस भवन में हादसा हुआ, वहां बर्तनों की कोटिंग का काम किया जाता था। पुलिस ने मौके से 38 खाली गैस सिलेंडर बरामद किए। यह परिसर सुधीर राय नामक व्यक्ति द्वारा उपयोग किया जा रहा था। जांच में यह भी पता चला कि भवन मालिक के भाई हरकेश बहादुर उर्फ बबलू ने भी वहां गैस सिलेंडर जमा कर रखे थे।

पुलिस की पूछताछ के बाद हरकेश उर्फ बबलू की निशानदेही पर पास के एक कमरे से 46 और गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 25 घरेलू और 21 व्यावसायिक सिलेंडर शामिल हैं। इस तरह कुल 84 गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 287, 125ए, 125बी और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा अवैध रूप से गैस सिलेंडर भंडारण के एक अन्य मामले में भी अलग एफआईआर दर्ज की जा रही है।

पुलिस ने सुधीर राय और हरकेश उर्फ बबलू को हिरासत में ले लिया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटे। पुलिस हादसे के कारणों और गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल एवं भंडारण की वैधता की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी