home page

सिरसा: स्नैचिंग गिरोह के दो आरोपी पंजाब से गिरफ्तार

 | 
सिरसा: स्नैचिंग गिरोह के दो आरोपी पंजाब से गिरफ्तार


सिरसा, 02 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने स्नैचिंग गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी कपिल अहलावत ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में इसका खुलासा करते हुए बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान पंजाब के जिला मुक्तसर साहिब निवासी संदीप कुमार व सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पंजाब व हरियाणा में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

डीएसपी कपिल अहलावत ने बताया कि डबवाली निवासी एक महिला की शिकायत पर छीना झपटी का मामला दर्ज किया गया था। पीडि़त महिला ने शिकायत में बताया कि वह दुर्गा मंदिर में सुंदर कांड पाठ सुनने जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उसकी कानों की बालियां झपट ली और फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को श्री मुक्तसर साहिब क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि सुरेंद्र के खिलाफ विभिन्न थाना में पांच मामले दर्ज हैं जबकि आरोपी संदीप के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और छीना-झपटी की अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

बुजुर्ग दंपती से लूटपाट का आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने सिरसा जिले के रानियां कस्बे में दिनदहाड़े लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रानियां थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि पीडि़त महिला गुरदीप कौर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायत में गुरदीप कौर ने बताया कि बीती 13 मार्च को अज्ञात लोग उनके घर में घुसे और उसके पोते को बंधक बनाकर लूटपाट की।आरोपी घर से करीब नौ हजार रुपये, मोबाइल फोन, लैपटॉप लूटकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर घटना में संलिप्त सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब तक इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma