home page

20 लाख की ब्राउन शुगर जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
20 लाख की ब्राउन शुगर जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार


लखीमपुर खीरी, 14 सितंबर (हि.स.)। पलिया थाना पुलिस ने दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को धर दबोचा है। पकड़े गए तस्करों के पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर (स्मैक) और अल्प्राजोलम पाउडर बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपिताें काे एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

एसपी खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने सोमवार को बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन, बिक्री व खरीद-फरोख्त पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए अपराधियों के विरूद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम ने गत 13 सितंबर 2026 की रात्रि मुखबिर की सूचना पर पलिया इलाके से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 107.26 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) और 147.25 ग्राम अल्प्राजोलम पाउडर बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान पीयूष मिश्रा उर्फ बिहारी (21 वर्ष) और छोटे उर्फ भूरा (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पलिया कस्बे के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर स्थानीय थाने में मामला पंजीकृत कर दोनों को संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव