ओडिशा से लाई जा रही 219 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
कानपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर की बिधनू पुलिस ने शुक्रवार भोर चेकिंग के दौरान दो कारों से करीब 219 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्कर गांजे की खेप ओडिशा से लाकर चित्रकूट और आसपास के जिलों में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
एडीसीपी दक्षिण सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि दो शातिर अपराधी भारी मात्रा में गांजे की सप्लाई करने के अलग-अलग कारों से जा रहे हैं। तभी चेकिंग लगाकर उन काराें काे रोककर तलाशी ली गयी। तो दोनों वाहनों की डिग्गी से गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर कुल मात्रा करीब 219 किलो निकली। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर कारों को कब्जे में ले लिया।
पूछताछ में आरोपितों की पहचान रोहित और शिवम के रूप में हुई। दोनों के बताया कि गांजे की खेप ओडिशा से लाई गई थी। इसे चित्रकूट और आसपास के जिलों में अलग-अलग स्थानों पर पहुंचाया जाना था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि तस्करी के लिए अलग-अलग वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे उनकी गतिविधियों पर शक न हो।
एडीसीपी बताया कि पुलिस और सर्विलांस टीम ओडिशा से आने वाले संदिग्ध वाहनों और उनके नंबरों पर नजर रख रही थी। इसी निगरानी के दौरान पुलिस को दोनों कारों के बारे में सुराग मिला और बिधनू क्षेत्र में उन्हें रोककर तलाशी ली गई।
दोनों आरोपितों से पूछताछ में पुलिस को गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ओडिशा से गांजे की खेप किससे मंगाई गई थी और यहां किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। आरोपितों के मोबाइल फोन और संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

