1.490 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
जयपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। सीआईडी क्राइम ब्रांच और सीकर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में 1.490 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपित झालावाड़ और मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान सुरेश पुरी (30) पुत्र मानपुरी निवासी नया खेड़ा, थाना गंगधार, जिला झालावाड़ और भैरूसिंह (28) पुत्र परसिंह राजपूत निवासी पिपलिया सादिकपुर, थाना पिपलौन, जिला आगर मालवा, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध शाखा) बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईडी-सीबी की स्पेशल टीम को जयपुर रेंज और सीकर क्षेत्र में आसूचना संकलन के लिए भेजा गया था। इसी दौरान हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह को सूचना मिली कि झालावाड़ की ओर से एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर लक्ष्मणगढ़ पहुंचने वाला है।
सूचना को विकसित करने के बाद पुलिस अधीक्षक सीकर प्रवीण नायक नूनावत के समन्वय से लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस और सीकर डीएसटी को मौके पर तैनात किया गया। घेराबंदी कर दोनों आरोपिताें को पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके कब्जे से 1.490 किलो अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपिताें के खिलाफ लक्ष्मणगढ़ थाने में मामला दर्ज कर लिया है। अब उनसे मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में सीआईडी-सीबी के उपनिरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा और हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही। सहायक उपनिरीक्षक शंकर दयाल और कांस्टेबल नरेश कुमार ने तकनीकी सहयोग दिया। हेड कांस्टेबल कुलदीप और बृजेश कुमार का भी योगदान रहा। वहीं लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस और सीकर डीएसटी की टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

