home page

55 लाख की ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
55 लाख की ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


किशनगंज, 06 नवंबर (हि.स.)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एएनटीएफ किशनगंज की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बहादुरगंज थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 275 ग्राम ब्राउन शुगर जैसी दिखने वाली मादक पदार्थ के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

बरामद मादक पदार्थ का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 55 लाख रुपये आंका गया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। तलाशी के दौरान लाडला अंसारी के पास से 275 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात बताई। अब पुलिस इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और मादक पदार्थ के स्रोत तथा इसकी सप्लाई कहां की जानी थी, इसका पता लगाने में जुटी है।

आरोपितों के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच भी की जा रही है। इस मामले में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 703/26, दिनांक 05 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 21(सी), 25 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने प्रेसवार्ता कर बताया कि गिरफ्तार लाडला अंसारी के विरुद्ध इससे पहले भी बहादुरगंज थाना कांड संख्या 381/26 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

एसडीपीओ-वन खुशरू सिराज के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में एएनटीएफ प्रभारी राजू कुमार, बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध मादक पदार्थ की सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह