home page

जिंदा पैंगोलिन के साथ वन विभाग ने दो तस्करों को किया गिरफ्तार

 | 
जिंदा पैंगोलिन के साथ वन विभाग ने दो तस्करों को किया गिरफ्तार


रायपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस थाना सिटी चंगोराभाठा क्षेत्र में जिंदा पैंगोलिन के साथ वन विभाग ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस दुर्लभ जीव की कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। तस्कर इसे इसी ऊंची कीमत पर बेचने की फिराक में थे।

रायपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी दीपक तिवारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर जाल बिछाया। टीम के सदस्य फर्जी खरीदार बनकर तस्करों के पास पहुंचे और सौदेबाजी के दौरान उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। वन विभाग अब इस तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए आरोपितों से पूछताछ कर रहा है। पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि पैंगोलिन को पखांजूर से तस्करी करके रायपुर लाया गया था और यहाँ इसे बेचने की तैयारी थी।

गिरफ्तार एक आरोपित गोपाल बोपचे मध्य प्रदेश के बालाघाट का रहने वाला है, जिसके पास से पैंगोलिन बरामद किया गया। जबकि दूसरा आरोपित खोखन हालदार पखांजूर,कांकेर जिला का रहने वाला है।

उल्लेखनीय है कि पैंगोलिन दुनिया का सबसे अधिक तस्करी किया जाने वाला स्तनधारी जीव है और भारत में इसे वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची के तहत उच्चतम कानूनी सुरक्षा प्राप्त है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा