home page

मंदसौर में 60 किलो डोडाचूरा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 | 
मंदसौर में 60 किलो डोडाचूरा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार


मंदसौर, 28 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले की वायडी नगर थाना पुलिस ने गुरूवार सुबह महू-नीमच फोरलेन पर कार्रवाई करते हुए 60 किलो अवैध डोडाचूरा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक बोलेरो जीप और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद महू-नीमच हाईवे पर नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान ग्रे मेहंदी रंग की महिन्द्रा बोलेरो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन में सवार दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर बोलेरो में रखे तीन काले प्लास्टिक के कट्टों से करीब 60 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने बोलेरो वाहन और दो एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम पुलिस ने सार्वजनिक नहीं किए हैं, हालांकि दोनों राजस्थान के बालोतरा जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किस स्थान पर की जानी थी।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया