पन्ना : तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, गांव में पसरा मातम
पन्ना, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के सुनहरा गांव में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो सगी बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, अमानगंज क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी 8 वर्षीय रागिनी और 6 वर्षीय आशिकी अपनी नानी के घर सुनहरा गांव आई हुई थीं। दोपहर के समय वे अपनी सहेलियों के साथ गांव के पास स्थित तालाब किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान छोटी बहन का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में बड़ी बहन भी तालाब में उतर गई, लेकिन दोनों ही गहराई में समा गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चियों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि जिस तालाब में यह हादसा हुआ, उसे रेलवे विभाग द्वारा खोदा गया था। घटना के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि यदि तालाब के आसपास उचित सुरक्षा व्यवस्था होती, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।
इस हादसे से मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले पिता कृष्णे आदिवासी सहित पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

