मुठभेड़ में दो लुटेरे गिरफ्तार, एक को गोली लगी
फिरोजाबाद, 6 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना रामगढ़ पुलिस टीम ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ में दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल एक लुटेरे को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि थाना रामगढ़ क्षेत्र अन्तर्गत गांव हलपुरा के पास 5 दिसम्बर को लुटेरों ने एक चालक से तमंचे की नोक पर ऑटो छीन लिया था। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी थी। विवेचना के दौरान अभियुक्तगण आकाश पुत्र अर्जुन सिंह व भोले पुत्र नेकराम निवासी रैना थाना उत्तर के नाम प्रकाश में आये।
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी रामगढ़ संजीव कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ शुक्रवार देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्तगण नैपई की तरफ ऑटो को ठिकाने लगाने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने चेकिंग कर घेराबंदी की तो ऑटो सवार संदिग्ध व्यक्तियों में से ऑटो चालक ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्यवाही में एक संदिग्ध व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया तथा पीछे बैठे दूसरे संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त के कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 01 जिंदा कारतूस 315 बोर, 02 खोखा कारतूस 315 बोर, चोरी की ऑटो रिक्शा बरामद हुए हैं। घायल अभियुक्त की पहचान लुटेरे आकाश व दूसरे संदिग्ध व्यक्ति की पहचान लुटेरे भोले के रुप में हुई है।
एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

