home page

राजगढ़ः दो सड़क हादसों में बाइक सवार युवक और अज्ञात व्यक्ति की मौत

 | 
राजगढ़ः दो सड़क हादसों में बाइक सवार युवक और अज्ञात व्यक्ति की मौत


राजगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार की रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक बाइक सवार युवक और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद मर्ग कायम किया और अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।

कोतवाली पुलिस के अनुसार, तलावड़ा निवासी मुकेश (25) पुत्र सरदार सिंह तंवर शुक्रवार रात अपनी ससुराल ग्राम देहरा से बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहा था। इसी दौरान राजगढ़-खिलचीपुर रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

दूसरी घटना सारंगपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर ग्राम मऊ के समीप इंडियन होटल के सामने हुई। यहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन सड़क पर मौजूद एक व्यक्ति को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों ने शव को कपड़े से ढका और एम्बुलेंस से सारंगपुर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, मृतक मानसिक रूप से बीमार था और रोजाना हाईवे पर ढाबों के आसपास घूमकर मांगता था। उसकी पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस व प्रशासन की निगरानी में शव को दफना दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक