बांदा: घर के पास पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत
बांदा, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नरैनी थाना क्षेत्र स्थित नंदवारा गांव में बुधवार को दो सगे भाइयों की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गए थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका पता नहीं चला। सूचना मिलने पर पुलिस ने तलाश शुरू की तो शाम करीब 7.30 बजे दोनों के शव घर के पास निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी के अंदर मिले।
नंदवारा गांव निवासी भैया राम के दो बेटे मनोज (6) और युवराज (4) बुधवार दोपहर घर के बाहर खेल रहे थे। परिजनों ने दोनों को घर के आसपास खेलते हुए देखा था। कुछ देर बाद दोनों बच्चे दिखाई नहीं दिए तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी देर तक पता न चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नरैनी थाना पुलिस ने सर्च अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान घर के पास नींव के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी भरा मिला। पुलिस ने गड्ढे की जांच की तो दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। पुलिस ने दोनों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार ने बताया कि यूपी डायल -112 के माध्यम से नंदवारा गांव में दो बच्चों के दोपहर से लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल सर्च अभियान चलाया। इस दौरान घर के पास पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दोनों बच्चों की मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

