ठेकेदार की कुल्हाड़ी से हत्या करने में फरार दो सगे भाई गिरफ्तार
पुलिस ने जंगल में फेंकी गईं दो कुल्हाड़ियां भी की बरामद
हमीरपुर, 27 जून ( हि. स.) उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के जरिया थाना क्षेत्र के गोहांड-बागीपुर मार्ग पर नहर कोठी के पास ठेकेदार देशराज की हत्या करने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्लान के तहत हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों हत्यारोपित सगे भाई निकले। जिन्हे कछवाकला तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से एक नहीं, बल्कि दो कुल्हाड़ियां बरामद की गई हैं।
जमीनी विवाद में पैरवी करने पर हत्या कर रास्ते से हटाया
मृतक के पुत्र कमलेश ने पड़ोसी सगे भाइयों चरण सिंह और राजेंद्र सिंह के विरुद्ध पिछले दिनों थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कमलेश का कहना था कि चरण सिंह और राजेंद्र सिंह का चचेरे भाई हरेंद्र से भूमि विवाद था। उनके पिता मृतक देशराज का इस विवाद से कोई वास्ता नहीं था। पड़ोसी और वृद्ध होने के नाते वह इन दोनों भाइयों को सुलह करने की सलाह देने राठ तहसील गए थे, ताकि विवाद का निस्तारण हो जाए, लेकिन इन दोनों भाइयों ने वापस आते समय घेरकर उनकी ही कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी।
प्रभारी निरीक्षक थाना जरिया दिनेश कुमार पांडेय ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए चरण सिंह और राजेंद्र सिंह दोनों गांव के ही निवासी हैं। दोनों सगे भाई हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। पूछताछ में दोनों ने जमीनी विवाद के चलते हत्या करना बताया है। इनके पास से दो कुल्हाड़ियां बरामद की गई हैं। बताया कि हत्या के बाद कुल्हाड़ियों को इटौरा गंग तिराहे के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया था। आगे की कार्रवाई के तहत दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। जहाँ से दोनों को जेल भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

