home page

रेल यात्रियों के मोबाइल चुराने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, छह मोबाइल बरामद

 | 
रेल यात्रियों के मोबाइल चुराने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, छह मोबाइल बरामद


सीवान, 31 मई (हि.स.)।रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान की क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड एवं जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेल यात्रियों के कीमती सामानों की चोरी करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

उनके पास से चोरी के छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश तथा आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में रविवार को सीवान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-4 के समीप झाड़ियों में छिपे दो संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई. तलाशी के दौरान उनके पास से विभिन्न कंपनियों के कुल छह चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पकड़े गए आरोपितों की पहचान पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के जमुड़िया थाना क्षेत्र के निंधा निवासी 26 वर्षीय संजय नोनिया तथा झारखंड के साहेबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के बाबुपुर तीनपहाड़ निवासी 23 वर्षीय करण कुमार के रूप में हुई है।

पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपित पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में घूम-घूमकर रेल यात्रियों के मोबाइल एवं अन्य कीमती सामानों की चोरी करते थे।

बरामद मोबाइल फोन में एक एप्पल, एक रेडमी, एक नोकिया, दो रियलमी तथा एक वीवो कंपनी का मोबाइल शामिल है।

इस मामले में रेल थाना सीवान में कांड संख्या 89/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma