home page

मृत दंपति के खाते से 7.13 लाख रुपये निकालने वाले दो डाककर्मी गिरफ्तार

 | 
मृत दंपति के खाते से 7.13 लाख रुपये निकालने वाले दो डाककर्मी गिरफ्तार


कानपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। घाटमपुर उपडाकघर में मृत दंपति के संयुक्त बचत खाते से धोखाधड़ी कर सात लाख तेरह हजार रुपये निकालने के मामले में पुलिस ने रविवार को डाक विभाग के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने खाताधारकों की मृत्यु के बाद उनके खाते में दूसरी योजनाओं की परिपक्वता राशि स्थानांतरित कर अवैध निकासी की थी। पुलिस ने दोनों को घाटमपुर कस्बे में पोस्ट ऑफिस वाली गली से गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि घाटमपुर उपडाकघर में ग्राहकों की जमा धनराशि के गबन और फर्जीवाड़े से जुड़े मामलों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान संयुक्त बचत खाते से सात लाख तेरह हजार रुपये की धोखाधड़ीपूर्वक निकासी में डाक विभाग के कर्मचारियों की भूमिका सामने आई। साक्ष्यों और विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। प्रकरण में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक घाटमपुर निवासी आकांक्षा चौरसिया ने अपने माता-पिता जितेंद्र चौरसिया और अर्चना चौरसिया की मृत्यु के बाद उनके संयुक्त बचत खाते से रुपये निकाले जाने की शिकायत की थी। दोनों का उपडाकघर घाटमपुर में संयुक्त बचत खाता था। जितेंद्र चौरसिया की मृत्यु 31 अक्टूबर 2021 जबकि अर्चना चौरसिया की मृत्यु सात अक्टूबर 2024 को हो गई थी। इसके बावजूद खाते से 23 जनवरी 2025 को चार लाख पंद्रह हजार रुपये और 28 मई 2025 को दो लाख अठानवे हजार रुपये निकाल लिए गए।

विभागीय जांच और बैंकिंग लेनदेन से जुड़े अभिलेखों की पड़ताल में सामने आया कि 23 जनवरी 2025 को निकाली गई चार लाख पंद्रह हजार रुपये की रकम तत्कालीन डाक सहायक शिवम सचान ने अपनी यूजर आईडी से निकाली थी। इस लेनदेन को राकेश कुमार मिश्रा ने अपनी सुपरवाइजरी यूजर आईडी से सत्यापित किया था। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों कर्मचारी उपडाकघर में अपने पद का दुरुपयोग कर मृत खाताधारकों के खातों में अन्य एमआईएस खातों की परिपक्वता राशि स्थानांतरित करते थे। इसके बाद उस रकम की अवैध निकासी कर गबन किया जाता था।

गिरफ्तार आरोपितों में शिवम सचान निवासी ग्राम बिजली, थाना चौदपुर, फतेहपुर और राकेश कुमार मिश्रा निवासी कृष्णा विहार, नौबस्ता, कानपुर शामिल हैं। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच और साक्ष्य संकलन कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप