राजगढ़ः हादसे में युवक की मौत, मैदान में बेसुध मिले व्यक्ति ने अस्पताल में तोड़ा दम
राजगढ़, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा सिविल अस्पताल में शनिवार की रात अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की जान चली गई, वहीं पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास मैदान में बेसुध मिले एक व्यक्ति को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार की रात पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप स्थित मैदान में बद्रीलाल (55) पुत्र सब्जीराम दांगी निवासी बहादुरपुरा अचेत अवस्था में पड़े मिले थे। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ब्यावरा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बद्रीलाल शराब पीने के आदी थे और अधिकांश समय ब्यावरा क्षेत्र में ही रहते थे। उनकी मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
दूसरी घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर ग्राम पैंची जोड़ के समीप हुई। यहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार रामेश्वर (35)पुत्र धनलाल गुर्जर निवासी जटेरी, थाना चाचैड़ा को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल रामेश्वर को पहले बीनागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद ब्यावरा रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने सड़क हादसे के मामले में जीरो पर मर्ग कायम कर प्रकरण संबंधित थाना चाचैड़ा को भेज दिया है। दोनों मामलों की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

