दूसरी कक्षा की छात्रा का अपहरण करने की कोशिश, लोगों ने की धुलाई
नलबाड़ी (असम), 16 जून (हि.स.)। नलबाड़ी जिला मुख्यालय में कक्षा दो में पढ़ने वाली एक छात्रा का अपहरण करने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि अपने पिता के साथ कक्षा दो में पढ़ने वाली यह छात्रा स्कूल जा रही थी। इसी दौरान दो अपहरणकर्ताओं ने बच्ची के पिता के गर्दन पर चाकू रखकर बच्ची का अपहरण करने की कोशिश की। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों अपहरणकर्ता को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शहीदुल अली और विवेक गुप्ता के रूप में की गई है। लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उन्हें गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। अपहरणकर्ता गुवाहाटी से नलबाड़ी पहुंचे थे। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार दोनों आरोपितों से सघन पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी

