home page

अनूपपुर: गांजा तस्करी कर संबलपुर से सतना ले जा रही महिला सहित दो गिरफ्तार

 | 
अनूपपुर: गांजा तस्करी कर संबलपुर से सतना ले जा रही महिला सहित दो गिरफ्तार


अनूपपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान गांजा तस्करी के आरोप में एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार-बुधवार की रात हुई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों की कार से 3 किलो 58 ग्राम गांजा, तीन जिंदा कारतूस और 37,300 रुपए नकद जब्त किया हैं। बुधवार को आरापियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया गया जहां से जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों से कार क्रमांक एमपी 18 जेडई 5709 से गांजा, कारतूस और नकदी के अलावा पांच मोबाइल फोन, एक जियो वाई-फाई डोंगल, एक जियो सिम और दो बैग भी बरामद किए हैं। जब्त की गई कुल सामग्री की कीमत लगभग 13 लाख 96 हजार 300 रुपये आंकी गई है।

थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि 14 जुलाई की देर रात उपनिरीक्षक सुखीनंद यादव के नेतृत्व में पुलिस बल कोतमा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहा था। ग्राम पथरौड़ी स्थित एंजल किराना स्टोर के सामने हाईवे पर चेकिंग के दौरान एक कार पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगी। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन में चालक 30 वर्षीय शिवा विश्वकर्मा, निवासी लालपुर, थाना बुढ़ार, जिला शहडोल, और उसके साथ 35 वर्षीय रेखा उर्फ मनीषा गुप्ता, निवासी हनुमान नगर नई बस्ती, जिला सतना, सवार थे। पूछताछ के दौरान उनके व्यवहार पर संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें तीन पैकेटों में रखा गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह ओडिशा के संबलपुर क्षेत्र से गांजा खरीदकर सतना ले जाकर बेचने के लिए जा रहे थे। हालांकि, वे गांजा बेचने वाले व्यक्ति का नाम-पता नहीं बता सके।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला