home page

नौकरी और आवास दिलाने का झांसा देकर 9.08 लाख की ठगी, महिला समेत दो गिरफ्तार

 | 
नौकरी और आवास दिलाने का झांसा देकर 9.08 लाख की ठगी, महिला समेत दो गिरफ्तार


धमतरी, 21 सितंबर (हि.स.)। मंत्रालय में नौकरी और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के पारिजात भवन में आवास दिलाने का झांसा देकर 9 लाख 8 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने प्रार्थी को अपने प्रभाव में लेकर अलग-अलग बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के माध्यम से कुल 9 लाख 8 हजार रुपये हासिल किए। दोनों आरोपितों को 20 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक भानपुरी, थाना गुरुर निवासी मनीष साहू (27) ने सिटी कोतवाली धमतरी में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार फरवरी 2024 में उसकी मुलाकात रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से हुई थी। दोनों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के पारिजात भवन में आवास आवंटित कराने का झांसा दिया। विश्वास में लेने के लिए आरोपित प्रार्थी को मंत्रालय स्थित महानदी भवन ले गए और बाहर से भवन दिखाकर उसकी कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताई। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में बैंक खातों, डिजिटल भुगतान और नकद के माध्यम से उससे 9 लाख 8 हजार रुपये ले लिए। आरोपितों ने बैंक आफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी अपने पास रख लिए। कुछ समय बाद प्रार्थी को ठगी का संदेह हुआ और उसने रकम वापस मांगी। इस पर आरोपितों ने 2 लाख 98 हजार 999 रुपये वापस किए, लेकिन शेष रकम नहीं लौटाई। इसके बाद प्रार्थी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर सिटी कोतवाली में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में अपराध स्वीकार किए जाने के बाद दोनों को 20 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में शशि प्रभा साहू (50), पति प्रीतम साहू, स्थायी निवासी जंगलपारा, गांधी नगर नगरी, वर्तमान पता कमल विहार कॉलोनी रायपुर, ब्लॉक ई, क्वार्टर नंबर 120 तथा अमित कुमार देवांगन (38), पिता स्व. सुखराम देवांगन, निवासी पारागांव वार्ड क्रमांक 12, परमेश्वरी मंदिर के पीछे भाठापारा, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा