सीमा पर एसएसबी की अलग-अलग दो बड़ी कार्रवाई, पांच हिरासत में
सिलीगुड़ी, 12 सितंबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा के पास सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने पिछले दो दिनों में अलग-अलग अभियानों के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अवैध हथियार बरामद किया है। कार्रवाई में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
शनिवार सुबह 41वीं बटालियन एसएसबी, रानीडांगा और बिहार पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने खुफिया सूचना के आधार पर बिहार के किशनगंज जिले के गलगलिया स्थित लकड़ी डिपो इलाके में छापेमारी की। टीम ने मोहम्मद हाशिम (57) के घर से 507 ग्राम ब्राउन शुगर, 814 ग्राम एम्फेटामाइन, एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया। यह घर अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज करीब 550 मीटर की दूरी पर स्थित है। मौके पर ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में बरामद पदार्थ ब्राउन शुगर पाए गए। इस मामले में मोहम्मद हाशिम और रुक्सार खातून (30) को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने गलगलिया बाजार में एक अज्ञात व्यक्ति से मादक पदार्थ खरीदे थे। दोनों को बरामद सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गलगलिया थाने को सौंप दिया गया।
वहीं, शुक्रवार शाम 41वीं बटालियन एसएसबी की कदवामनीजोत कंपनी की टीम ने विश्वसनीय सूचना पर घोषपुकुर के आमबाड़ी गांव, एनएच-327सी के पास विशेष अभियान चलाया। तलाशी के दौरान तीन संदिग्धों के पास से 410 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। आरोपितों की पहचान जलपाईगुड़ी के खगेनहाट निवासी अकरम हुसैन (43), माटीगाड़ा के दक्षिण पलाश निवासी तपन दास (34) और उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा के निवासी इब्राहिम हक (33) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि ब्राउन शुगर पंजिपाड़ा स्थित एक जूते की दुकान से अज्ञात व्यक्ति से खरीदी गई थी और इसे घोषपुकुर में केवल “दीदी” नाम से पहचानी जाने वाली एक महिला को डिलीवरी देने ले जाया जा रहा था। तीनों आरोपितों और बरामद मादक पदार्थ को आगे की कार्रवाई के लिए फांसीदेवा थाने को सौंप दिया गया है। दोनों मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज का आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

