home page

जीआरपी के हत्थे चढ़े दो शातिर चोर, एक लाख रुपये की कीमत के दो मोबाइल बरामद

 | 
जीआरपी के हत्थे चढ़े दो शातिर चोर, एक लाख रुपये की कीमत के दो मोबाइल बरामद


कानपुर, 24 जून (हि.स.)। चलती ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले दो शातिर चोरों को जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपित आउटर पर धीमी होने वाली ट्रेनों में खिड़की और दरवाजों के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल झपटकर फरार हो जाते थे।

कानपुर सेंट्रल जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बुधवार को बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के मरे कंपनी पुल के पास रेलवे ट्रैक किनारे से दो शातिरों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवम भौमिक उर्फ भाल निवासी निराला नगर, गोविंद नगर, कानपुर नगर तथा विक्रम सांसी निवासी ग्राम कांगड़, थाना बवानी खेड़ा, जिला भिवानी (हरियाणा) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेनों के धीमा होने का इंतजार करते थे और खिड़की व दरवाजों के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल फोन तथा अन्य सामान झपटकर चोरी कर लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है।

जीआरपी पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने में लगी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप