home page

पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

 | 
पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, पैर में लगी गोली


गाजियाबाद, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद पुलिस की स्वाट टीम और सिहानी गेट थाना पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। इनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने लूट का सोना खरीदने वाले एक सुनार को भी पकड़ा है।

पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने गुरुवार काे बताया कि बाइक सवार दो बदमाशों ने हाल ही में चार महिलाओं से लूटपाट की थी। इनमें गलगोटिया विश्वविद्यालय की एक प्रोफेसर भी शामिल थीं। बदमाशों ने उनके गले से मंगलसूत्र और सोने की चेन लूटी थी।

उन्होंने बताया कि आज तड़के सिहानी गेट पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश लूटपाट करने के इरादे से घूम रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बदमाशों की तलाश में बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। हमदर्द चौराहे पर संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा करने पर वे मेरठ की ओर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में घायलों ने अपने नाम आमिर और संजय सैनी उर्फ शिवा बताए। आमिर मेरठ के बोन्द्रा गांव का निवासी है। संजय सैनी उर्फ शिवा मेरठ के झिटकरी गांव का रहने वाला है। इन बदमाशों ने गोविंदपुरम, लोहियानगर, संजय नगर और जीटी रोड के पास से कई महिलाओं से चेन और मंगलसूत्र लूटना स्वीकार किया है।

पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि वे लूटे गए मंगलसूत्र और चेन सर्राफ मोनू वर्मा को बेचते थे। मोनू वर्मा मेरठ का निवासी है। वह सोने को पिघलाकर उसके टुकड़े बना देता था। पुलिस ने मोनू वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों के पास से सोने के टुकड़े, घटना में प्रयुक्त बाइक और दो तमंचे बरामद हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी